Toll Free - 1800 120 2880

Events

संस्कृति यूनिवर्सिटी फ्रैशर पार्टी

Freshers Party 2019

मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय में प्रवेश से प्रफुल्लित छात्र-छात्राओं का जोश-जुनून फ्रेशर पार्टी में जमकर फूटा। विश्वविद्यालय के सीनियर्स ने फ्रेशर्स के स्वागत के लिए कड़ी मेहनत कर पार्टी की रूपरेखा तैयार की थी। नवीन और पुरातन छात्र-छात्राओं के मध्य होने वाले इस अनूठे संगम में गायन, नृत्य और आत्मविश्वास के प्रदर्शन की ऐसी सरिता बही, जिसने विश्वविद्यालय के समूचे प्रांगण को अपने आगोश में भर लिया। विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, फैकल्टी ने छात्र-छात्राओं के इस खुशनुमा कार्यक्रम में अपनी मौजुदगी दर्ज कर आनंद को दूना कर दिया। देर रात तक विश्वविद्यालय के छात्र-छात्रा ड्रम और गिटार की धुनों पर नाच-नाचकर अपने ऊपर हावी पढ़ाई के भार को हल्का करते रहे।

फ्रेशर पार्टी का आयोजन शाम पांच बजे से तय था। चार बजे से आकाश में घिरे काले-काले बादल छात्र-छात्राओं की आयोजन समिति का दिल दहलाते रहे। यकायक हुई तेज बारिश ने आयोजन के हो पाने, न होने पर जैसे सवाल खड़े कर दिए। लेकिन घनघोर बारिश ज्यादा देर नहीं टिक सकी और इंद्रदेव ने विद्यार्थियों की पुकार सुन ली। फिर तो ऐसा सुहाना मौसम बना, जिसने छात्र-छात्राओं में जोश के साथ रूमानियत भर दी। बिगड़ी हुई व्यवस्थाओं को संवारने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की लंबी-चौड़ी टीम जुट गई और चंद लम्हों में आयोजन स्थाल को फिर से और पहले से ज्यादा खूबसूरत बना दिया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सचिन गुप्ता की शुभकामनाओं के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन विवि के कुलपति डा.राणा सिंह ने किया। विश्वविद्यालय के मुख्य मैदान में बने विशाल फ्लोर पर छात्रा कृतिका, काजल और पूजा ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। आधुनिक संगीत में पिरोए हुए भारतीय संस्कारों से बिद्ध इस नृत्य ने फ्रेशर्स में स्फूर्ति भर दी। विश्वविद्यालय की छात्रा तिशा ने जैसे ही गाना, मिले हो तुम हमको बड़े नसीब से...शुरू किया तो मैदान में मौजूद सैंकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी तालियों का साथ देकर अपने उमड़ते भावों को व्यक्त किया। इसके तुरंत बाद मोहित और अदिति ने छात्र-छात्राओं को डाइस रोल एंड नंबर गेम में सहभागिता करा भरपूर मनोरंजन कराया। अब शाम ढलने लगी थी और अंधेरा बढ़ते ही क्रत्रिम रोशनियां अपना जलवा बिखेरने लगीं थीं। प्रकाश के केंद्र में विवि की छात्र मिथिलेश ने मिक्स गानों पर एकल नृत्य कर तालियां बटोरीं। छात्र एम दास और भीम ने युगल गीत सुनाकर उपस्थित श्रोताओं का दिल छू लिया। मेज पर अनूठा समां तब बंधा जब सूरज, विंदेष और धीरज के बीच डांस बैटल हुआ। एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने छात्र-छात्राओं को बांध कर रखा हुआ था। अंत में महेंद्र ने के एकल नृत्य ने सभी को प्रभावित किया। मंच पर मौजूद विवि की विशेष कार्याधिकारी मीनाक्षी शर्मा लगातार तालियां बजाकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करती रहीं।

कार्यक्रमों की कड़ी में फ्रेशर रैंप वाक में विवि के नवीन सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। निर्णायकों की समिति ने 30 सितंबर को होने वाले फाइनल राउंड के लिए इनमें से छह विद्यार्थियों का चयन किया। अंत में डीजे की धुनों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर धमाल मचाया। कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ छात्र मिजान अली खान, विकास सिंह और अंशिका मिश्रा ने सभी नवागत विद्यार्थियों का स्वागत किया। फ्रैशर पार्टी की संचालन वरिष्ठ छात्र अमन शर्मा और छात्रा अनुष्का शर्मा ने किया।

Contact Us
Apply Now